Alimony Meaning in Hindi: तलाक के बाद गुजारा भत्ता कैसे मिलता है?

जब एक शादी टूटती है, तो वह केवल दो दिलों का बिछड़ना ही नहीं होता है, बल्कि दो जिंदगियों के सामाजिक और वित्तीय ढांचे का बिखराव भी होता है। इस बिखराव को संभालने के लिए कानून में Alimony या गुजारा भत्ता का प्रावधान किया गया है। आसान शब्दों में समझें तो, एलिमनी वह वित्तीय सुरक्षा कवच है, जो कि तलाक के बाद आर्थिक रुप से कमजोर साथी को दी जाती है, ताकि वह आसानी से अपने जीवन को व्यतीत कर सके।
लेकिन बदलते समय ने जैसे हर नियम में बदलाव किए हैं, वैसे ही भारतीय अदालतों ने भी ‘एलिमनी’ की परिभाषा और मायनों में बदलाव किया है। जहां एक तरफ यह महिलाओं को सम्मान से जीने का हक देती है, तो वहीं दूसरी तरफ क्या एक शिक्षित और कमाने वाली महिला को भी गुजारा भत्ता पाने का हक है? इस सवाल ने कानूनी बहस को एक नया मोड़ दिया है।
हाल ही में न्यायलयों ने ‘Alimony’ में कई अहम फैसले दिए है, जिनमें साफ कहा गया है कि एलिमनी अब केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि जरूरत और क्षमता के तराजू में तौला जाने वाला निर्णय है। आइए भारत में एलिमनी से जुड़े नियमों, अधिकारों और कोर्ट के नए आदेशों को विस्तार से समझते हैं।
Alimony क्या है? (alimony kya hai)
Alimony Meaning In Hindi: एलिमनी को हिंदी में 'गुजारा भत्ता' या 'भरण पोषण' कहा जाता है। यह वह कानूनी वित्तीय सहायता है, जो कि तलाक के बाद एक पति या पत्नी द्वारा दूसरे को दी जाती है। इसके पीछे का मुख्य कारण यह है कि तलाक के बाद भी आर्थिक रूप से कमजोर पक्ष अपने जीवन को सम्मान के साथ जी सके।
Alimony के प्रकार (Types of alimony)
अस्थायी गुजारा भत्ता: यह भरण-पोषण पति-पत्नी को केवल तलाक की कार्यवाही के समय ही मिलता है।
स्थायी गुजारा भत्ता: इस प्रकार का भरण-पोषण पति या पत्नी में से किसी एक की मृत्यु तक या भुगतान पाने वाले व्यक्ति के पुनर्विवाह होने तक दिया जाता है।
गुजारा भत्ता: ये गुजारा भत्ता उन जीवनसाथियों को मिलता है, जिन्होंने दूसरे जीवनसाथी के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई त्याग किए हो। इसमें जीवनसाथी की शिक्षा का खर्च उठाना शामिल है या फिर घर पर रहने के लिए उसने अपना करियर छोड़ दिया हो।
पुनर्वास भत्ता: इस प्रकार का भत्ता उस व्यक्ति को दिया जाता है, जो कि आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं। इसकी अवधि कई कारणों पर निर्भर करती है, लेकिन यह अक्सर तब तक दिया जाता है, जब तक कि उन्हें एक स्थिर नौकरी नहीं मिल जाती है।
एकमुश्त गुजारा भत्ता: जैसा कि इसके नाम से ही समझ आता है कि इसे एक साथ दिया जाता है। इस प्रकार के वैवाहिक भरण-पोषण में एक पति या पत्नी समझौते के दौरान संपत्ति या वस्तुओं की जगह दूसरे को पैसा देता है।
भारत में एलिमनी पर क्या नियम हैं? (alimony rules in india in hindi)
भारत में गुजारा भत्ता तलाक के बाद एक जीवनसाथी अधिकतर पत्नी की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए दिया जाने वाला भुगतान है, ताकि वो अपने आगे के जीवन को पूरे सम्मान के साथ जी सके। भारत में भरण-पोषण हिंदू मैरिज एक्ट 1955 और भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 144 और पुराने एक्ट सीआरपीसी की धारा 125 के तहत दिया जाता है।
सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, यह आमतौर पर पति की शुद्ध आय का लगभग 25% हो सकता है, जो कि आय, संपत्ति और जीवन स्तर के आधार पर निर्धारित किया जाता है। भरण-पोषण में पत्नी, बच्चे और बूढ़े माता-पिता भी शामिल हो सकते हैं।
तलाक और गुजारा भत्ता से संबंधित भारतीय कानून (indian law related to divorce alimony in hindi)
तलाक के बाद कोर्ट Alimony की राशि तय करते समय कई तथ्यों की जांच करता है, जिसके आधार पर यह निर्धारित किया जाता है कि गुजारा भत्ता देना है या नहीं, देना है तो कितना देना है आदि।
आय और संपत्ति: गुजारा भत्ता तय करने से पहले कोर्ट पति और पत्नी दोनों की वर्तमान आय और चल-अचल संपत्ति की जांच करते हैं।
जीवन स्तर: शादी के दौरान वे किस तरह की लाइफस्टाइल को फॉलो करते थे।
आश्रित सदस्य: पति के ऊपर बूढ़े माता-पिता और बच्चों की कितनी जिम्मेदारी है।
विवाह की अवधि: विवाह की अवधि भी चेक की जाती है कि शादी कितने साल चली। शादी जितनी लंबी चलती है, उतनी अधिक एलिमनी की संभावना रहती है।
बच्चे का खर्च: यदि बच्चे पत्नी के पास हैं, तो उनकी पढ़ाई से लेकर उनका पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी।
भारत में एलिमनी से जुड़े अधिकार (alimony rights in india)
पत्नी का अधिकार: पत्नी को पति की शुद्ध आय का लगभग 25 प्रतिशत तक मासिक भत्ता पाने का अधिकार है।
पति का अधिकार: हिंदू विवाह अधिनियम के तहत, यदि पति शारीरिक या मानसिक रूप से अक्षम है और पत्नी कमाती है, तो पति गुजारा भत्ता की मांग कर सकता है।
एकमुश्त राशि: यदि दोनों एक दूसरे से भविष्य में किसी प्रकार का कोई संपर्क नहीं रखना चाहते हैं और दोनों के बीच म्यूचल कंसेंट हैं, तो कोर्ट एक बार में एक बड़ी राशि तय कर सकती है। इसे Lump Sum भी कहा जाता है।
पुनर्विवाह: यदि भरण-पोषण पाने वाला पक्ष दूसरी शादी कर ले तो, ऐसी स्थिति में कोर्ट एलिमनी का भुगतान तुरंत बद कर देता है।
शिक्षित महिलाओं के लिए हाई कोर्ट का दृष्टिकोण (high court order educated women not right alimony in hindi)
हाल ही के वर्षों में दिल्ली, बॉम्बे और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट्स ने एलिमनी पर कई आदेश पारित किए हैं, जिनमें स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि ‘कमाने की क्षमता’ और ‘वास्तव में कमाना’ दोनों अलग-अलग बाते हैं। अदालतों का मानना है कि यदि महिला उच्चा शिक्षा जैसे कि उसके पास प्रोफेशनल डिग्री या पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री है और वह शादी से पहले अपना सफल करियर बना चुकी है, तो वह केवल इसलिए घर पर नहीं बैठ सकती है कि वह अब अपने पति से भरण-पोषण प्राप्त करना चाहती है।
कोर्ट द्वारा जारी किए गए आदेशों में यह साफ तौर पर बताया गया है कि CrPC 125 या हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 24 का लक्ष्य अपने जीवन साथी को आलसी बनाना या दूसरे साथी पर निर्भर होना नहीं है।
लेकिन इनमें अपवाद भी शामिल हैं। यदि किसी शिक्षित महिला के पास छोटे बच्चों की जिम्मेदारी है या शादी की वजह से करियर में लंबा गैप आ गया है, जिसकी वजह से वह नौकरी पाने में अक्षम है, तो ऐसी स्थिति में उसे गुजारा भत्ता पाने का पूरा अधिकार है।
सुप्रीम कोर्ट के केस ‘रजनेश vs नेहा (2021)’ के फैसले के बाद दोनों पार्टी को अपनी आय और संपत्ति का पूर्ण विवरण देना होगा। अब अदालतें केवल जेंडर के आधार पर नहीं, बल्कि दोनों पक्षों की वास्तविक स्थिति और आत्मनिर्भर होने की संभावनाओं को देखकर संतुलित निर्णय लेंगी।
निष्कर्ष
आज के समय में अदालत का ऐसा का मानना है कि Alimony या गुजारा भत्ता केवल एक 'परंपरा' नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह सच्ची जरूरत पर आधारित होना चाहिए। अगर एक महिला पढ़ी-लिखी है और उसमें खुद कमाने की काबिलियत है, तो वह केवल पति के पैसे पर आश्रित रहने के लिए घर नहीं बैठ सकती है। कानून उसे आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करता है, ताकि वह समाज में सर उठा कर जी सके।
हालांकि, कानून उन महिलाओं के लिए आज भी ढाल बन कर खड़ा हुआ है, जो कि वास्तव में मजबूर हैं, चाहे वह बच्चों की जिम्मेदारी के कारण हो, बढ़ती उम्र की वजह से या फिर लंबे समय तक करियर से दूर रहने के कारण हुआ हो। अब कोर्ट का फैसला सिर्फ इस बात पर निर्भर नहीं रहता कि कौन पुरुष है और कौन महिला, बल्कि इस बात पर होता है कि किसे वास्तव में मदद की जरूरत है और कौन खुद का बोझ उठा सकता है।
Disclaimer- इस ब्लॉग में दी गई जानकारी केवल आपकी सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे किसी पेशेवर वकील की कानूनी सलाह (Legal Advice) न समझें। कानून की धाराएं और उनके लागू होने के तरीके हर केस की परिस्थितियों के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं। यदि आप एलिमनी या तलाक से संबंधित किसी कानूनी प्रक्रिया से गुजर रहे हैं, तो सटीक जानकारी और सहायता के लिए एक अनुभवी फैमिली वकील से संपर्क जरूर करें।
Reference Link
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)
No tags available for this post.




